पटना हॉस्टल कांड: नीट छात्रा रेप-हत्या मामले में कांग्रेस का बीजेपी पर तीखा हमला, पप्पू यादव की गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक बदला

बिहार की राजधानी पटना के एक निजी हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही एक युवती के साथ कथित बलात्कार और हत्या का मामला अब तेजी से राजनीतिक रंग ले रहा है। इस घटना ने पूरे देश में हंगामा मचा दिया है, जबकि कांग्रेस ने बिहार सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना की भयावहता से कहीं अधिक डरावना सरकार का रुख है। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने, जांच प्रक्रिया और कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए। प्रियंका ने पूछा कि जब इतनी गंभीर अपराध की घटना हुई, तो सरकार निष्पक्ष जांच की बजाय न्याय की मांग करने वालों को क्यों दबा रही है।

उन्होंने इस घटना की तुलना हाथरस, उन्नाव और अंकिता भंडारी जैसे मामलों से की और दावा किया कि बीजेपी शासित या सहयोगी राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में एक समान पैटर्न दिखता है। जहां पीड़ितों को न्याय मिलने की बजाय आरोपी पक्ष को संरक्षण मिलता नजर आता है। प्रियंका ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को सरकार की असंवेदनशीलता और दमनकारी मानसिकता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव छात्रा के लिए इंसाफ की आवाज बुलंद कर रहे थे, लेकिन इसी बीच उन्हें हिरासत में ले लिया गया, जो स्पष्ट रूप से अन्याय के खिलाफ बोलने वालों को चुप कराने की कोशिश है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में खुलकर पप्पू यादव का साथ दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि पटना हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और उसके बाद की कार्रवाई ने व्यवस्था की गहरी सड़ांध को बेनकाब कर दिया है। राहुल ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार की निष्पक्ष जांच की मांग पर बीजेपी-एनडीए का वही पुराना मॉडल सामने आया, मामले को भटकाना, परिवार को परेशान करना और अपराधियों को संरक्षण देना।

राहुल गांधी ने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया और कहा कि यह न्याय मांगने वाली हर आवाज को कुचलने की साजिश है। उन्होंने इसे महज राजनीति नहीं, बल्कि बिहार की बेटियों की सुरक्षा और इंसाफ से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।