उत्तराखंड सरकार ने फिल्म ‘गोदान’ को राज्य में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यह फिल्म, जो किसान परंपराओं, ग्रामीण जीवनशैली और गोवंश के महत्व को केंद्र में रखकर बनी है, 6 फरवरी को पूरे देश में सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म भारतीय संस्कृति और परंपराओं से समाज को जोड़ने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गाय सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक ढांचे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी फिल्में समाज में सकारात्मक विचारधारा और संवेदनशीलता को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इन्हें प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार गोवंश संरक्षण के लिए लगातार प्रयासरत है। राज्य में गोशालाओं को सहायता प्रदान की जा रही है ताकि आवारा और निराश्रित गौवंश की उचित देखभाल हो सके। साथ ही, गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी आय बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों तथा रचनात्मक कार्यों को समर्थन देती रहेगी।