बजट सत्र का पहला चरण हंगामे में समाप्त, लोकसभा 9 मार्च तक स्थगित

संसद के बजट सत्र के 13वें दिन शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही महज कुछ मिनट ही चल पाई। सदन शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। ‘हरदीप पुरी इस्तीफा दो’ के नारे लगते ही सदन में हंगामा बढ़ गया और कार्यवाही लगभग 10 मिनट में ही स्थगित कर दी गई।

दोपहर 12 बजे सदन दोबारा शुरू हुआ, लेकिन विपक्ष के हंगामे के बीच शिक्षा और कानून मंत्रालय से संबंधित कुछ विधेयक पटल पर रख दिए गए। इसके तुरंत बाद पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी। इससे बजट सत्र का पहला चरण समाप्त हो गया।

इस बजट सत्र को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चला, जबकि 23 दिनों के अंतराल के बाद दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा।

इस बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी भी जारी रही। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे सत्ता हासिल करने के लिए देश के विभाजन की साजिश रच रहे हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर किसानों के हितों के खिलाफ गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने इस समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश को ‘बेचने’ का आरोप लगाया था, जिसे केंद्रीय मंत्रियों ने आधारहीन और किसान-विरोधी करार दिया। उन्होंने राहुल गांधी पर किसानों को भ्रमित करने का भी इल्जाम लगाया।

विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव को लेकर भी सदन में बहस जारी रही, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भाजपा राहुल गांधी के खिलाफ ऐसा कोई प्रस्ताव लाएगी या नहीं। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 9 मार्च तक स्थगित होने के साथ ही सत्र का पहला हिस्सा समाप्त हो गया।