पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी उछाल आया है। सरकार ने दोनों ईंधनों की कीमतों में प्रति लीटर 55 पाकिस्तानी रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि है।
इस फैसले के बाद पेट्रोल की नई कीमत 321.17 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि हाई-स्पीड डीजल अब 335.86 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। नई दरें शनिवार से लागू हो गई हैं।
सरकार का कहना है कि मध्य पूर्व में जारी तनाव, खासकर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इससे आयात लागत में भारी इजाफा हुआ है, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।कीमतों में अचानक वृद्धि की खबर फैलते ही कराची, लाहौर समेत प्रमुख शहरों के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर घंटों लंबी कतारें लग गईं। उपभोक्ताओं में तेल की कमी होने का डर फैल गया है, जिससे पैनिक खरीदारी शुरू हो गई।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जमाखोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति पेट्रोल का स्टॉक छिपाकर रख रहा है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और कोई कमी नहीं है।
मंत्री ने आगे कहा कि मध्य पूर्व का संकट कब तक खत्म होगा, इसकी कोई स्पष्ट तस्वीर नहीं है। इसलिए सरकार मौजूदा रिजर्व को लंबे समय तक संरक्षित रखने और सप्लाई चेन को स्थिर बनाए रखने की योजना पर काम कर रही है। आने वाले दिनों में स्थिति के आधार पर और कदम उठाए जा सकते हैं।