मानपुर थाना क्षेत्र के अवलीपुरा गांव में स्थित एक फार्म हाउस पर पुलिस ने बुधवार तड़के छापेमारी कर बड़े जुआ अड्डे का पर्दाफाश किया। यह फार्म हाउस आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके पति अंबरीश वैद्य के नाम पर दर्ज है। वंदना वैद्य वर्तमान में इंदौर के वित्त विकास निगम की प्रबंध संचालक पद पर तैनात हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फार्म हाउस की देखभाल स्थानीय स्तर पर एक व्यक्ति कर रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि 5 अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 13 लाख 67 हजार 971 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन, 10 नई ताश की गड्डियां और दो कारें जब्त कीं। जब्त की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख 67 हजार 971 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवलीपुरा स्थित इस कोठी/फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
फार्म हाउस का मुख्य गेट बाहर से बंद पाया गया, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। पुलिस ने पीछे के रास्ते से प्रवेश किया और बरामदे में रोशनी के बीच ताश पर दांव लगाते कई लोगों को देखा। तुरंत घेराबंदी कर 18 लोगों को हिरासत में लिया गया। कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह हीहोर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर फार्म हाउस पर दबिश दी गई। 18 जुआरी मौके पर पकड़े गए हैं, जबकि कुछ फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों से बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और वाहन बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जुआ का यह आयोजन मूल रूप से 1 मार्च को प्रस्तावित था, लेकिन किसी कारणवश रद्द हो गया। बाद में तारीख बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई। पकड़े गए जुआरियों का कहना है कि वे पहली बार ही इस जगह पर आए थे। पुलिस के अनुसार, इस जुआ अड्डे का मुख्य संचालक जगदीश राठौर उर्फ ‘कूबड़ा’ है, जो जगह-जगह बदलकर ऐसे अड्डे चलाता है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।