विजयनगर थाना क्षेत्र में एक सैनिटरी व्यापारी को राह में लिफ्ट देने की वजह से दो सोने की चेन चोरी हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
विजयनगर पुलिस के अनुसार, महालक्ष्मी नगर निवासी सैनिटरी व्यापारी नमन वाघेला ने शनिवार को अज्ञात युवक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया। घटना के अनुसार, नमन बाम्बे अस्पताल के आसपास स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने उनसे देवास नाका तक लिफ्ट मांगी। तेज धूप को देखते हुए नमन ने उसे स्कूटी पर बैठा लिया और देवास नाका के पास उतार दिया।
इसके बाद नमन बैंक से होते हुए घर लौटे। घर पहुंचकर जब उन्होंने बैग में रखा सोने की चेन वाला बॉक्स खोला, तो दोनों चेन गायब मिलीं। तुरंत उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक होटल के पास आरोपी युवक स्कूटी पर लटके बैग में हाथ डालते दिखा। पुलिस का शक है कि लिफ्ट लेते समय ही चोर ने मौका देखकर चेनें निकाल लीं।