इंदौर में शनिवार को पंजाबी संगीत प्रेमियों के लिए यादगार शाम होने वाली है। प्रसिद्ध पंजाबी पॉप स्टार करण औजला अपने ‘पी-पॉप कल्चर’ इंडिया टूर के तहत 11 शहरों की यात्रा में शामिल होते हुए आज इंदौर में लाइव परफॉर्मेंस देने जा रहे हैं। यह उनका इंदौर में पहला लाइव शो होगा।
करण औजला शुक्रवार रात देर से शहर पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम C21 एस्टेट ग्राउंड में शाम 6 बजे से शुरू होगा। आयोजकों ने इस भव्य कॉन्सर्ट के लिए विशेष तैयारियां की हैं। यहां 120 फीट लंबा विशाल स्टेज सजाया गया है, जिसमें करण की एंट्री हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगी। बैकस्टेज पर बड़ी एलईडी स्क्रीन, प्रीमियम लाइटिंग और हाई-क्वालिटी साउंड सिस्टम लगाया गया है, जो पूरे शो को भव्य और आकर्षक बनाएगा। मुंबई से विशेष तकनीकी टीम बुलाई गई है।
करण औजला शो से लगभग तीन घंटे पहले वेन्यू पर पहुंचकर साउंड चेक और रिहर्सल करेंगे। उनके लिए बैकस्टेज में होटल जैसी लग्जरी सुविधाओं वाला अस्थायी कमरा भी तैयार किया गया है।
यह हाई-एनर्जी कॉन्सर्ट करीब दो घंटे का होगा, जिसमें करण औजला के साथ 22 प्रोफेशनल डांसर्स भी स्टेज पर धमाल मचाएंगे। शो के बीच में एक छोटा ब्रेक भी रखा गया है। दर्शकों को एलईडी रिस्टबैंड वितरित किए जाएंगे, जो संगीत के साथ सिंक होकर पूरे मैदान को रोशनी से जगमगा देंगे।
टिकटों की भारी मांग, लगभग सभी सोल्ड आउट
कॉन्सर्ट के टिकटों की जबरदस्त डिमांड रही। विभिन्न कैटेगरी में टिकटों की कीमतें इस प्रकार हैं:
- वीवीआईपी/प्राइवेट टेबल्स: ऊंची कीमतों पर
- गोल्ड और सिल्वर कैटेगरी: 10,000 से 15,000 रुपये तक
- सामान्य कैटेगरी: न्यूनतम 3,299 रुपये से शुरू
- सबसे महंगे टिकट: 6.49 लाख रुपये तक
सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम
सुरक्षा के मद्देनजर वेन्यू पर 300 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी होगी। एंट्री के लिए 2 गेट और एग्जिट के लिए 4 गेट बनाए गए हैं, ताकि भीड़ प्रबंधन सुचारू रहे।
दर्शकों की सुविधा के लिए अलग से फूड जोन और रेस्ट एरिया तैयार किए गए हैं। यहां पिज्जा, बर्गर, सैंडविच, रोल्स, पंजाबी स्नैक्स, कोल्ड ड्रिंक्स, कॉफी आदि कई विकल्प उपलब्ध रहेंगे।