जयपुर: पानी के टैंक में डूबकर दो मासूम बच्चियों की मौत

शिप्रापथ थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुरी सेकेंड इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के पानी भरे टैंक में गिरकर दो पांच वर्षीय बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चियां पड़ोस में खेलने निकली थीं और कुछ देर में ही इस हादसे का शिकार हो गईं।

मृतक बच्चियों की पहचान राधिका (5) और गोसिया (5) के रूप में हुई है। राधिका बिहार निवासी पप्पू कुमार की बेटी है, जबकि गोसिया उत्तर प्रदेश निवासी जाकिर की इकलौती बेटी थी। दोनों परिवार शिप्रापथ के जगन्नाथपुरी सेकेंड में किराए के मकान में रहते हैं।

परिवारजनों के अनुसार, शाम करीब सवा सात बजे दोनों बच्चियां घर से खेलने के लिए निकली थीं। जब 15-20 मिनट बीत गए और वे वापस नहीं लौटीं तो परिजन चिंतित हो गए। आसपास खोजबीन शुरू की तो पास ही बन रहे एक मकान के पानी के टैंक के किनारे उनकी चप्पलें मिलीं। टैंक में झांकने पर दोनों बच्चियों की लाशें पानी की सतह पर तैरती दिखीं।

परिवारजन तुरंत उन्हें जयपुरिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।

टैंक 8 फीट गहरा, अंधेरा था इलाका

जानकारी के मुताबिक, टैंक करीब 8 फीट गहरा था और उसमें लगभग 6 फीट पानी भरा हुआ था। निर्माण स्थल पर अंधेरा होने के कारण परिजनों का ध्यान टैंक की ओर नहीं गया।

शिप्रापथ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चियां मजदूर परिवारों की थीं। पप्पू कुमार भांकरोटा क्षेत्र में कलर-पेंट का काम करते हैं, जबकि गोसिया के पिता जाकिर विकलांग हैं और रिक्शा चलाकर मोबाइल एक्सेसरीज बेचते हैं। दोनों परिवार जयपुर में करीब 3-4 साल से रह रहे थे।