ऑपरेशन सिंदूर पर पीएम का सलाम, कहा- आतंकियों के पूरे तंत्र को नष्ट करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरे होने के मौके पर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और व्यावसायिकता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि देश न सिर्फ आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि उसे समर्थन और पोषण देने वाले पूरे नेटवर्क को पूरी तरह नष्ट करने के संकल्प पर अडिग है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ठीक एक साल पहले भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत अभूतपूर्व साहस, सटीकता और दृढ़ता का परिचय दिया था। पहलगाम में निर्दोष नागरिकों, खासकर पर्यटकों पर हुए जघन्य हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए सुरक्षा बलों ने दुश्मनों के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। पूरा देश इन वीर जवानों को सलाम करता है, उन्होंने कहा।

X पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के प्रति भारत की कड़ी प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

इस अभियान ने तीनों रक्षा बलों और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के बीच बेहतर समन्वय और एकजुटता को भी उजागर किया। साथ ही, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए कदमों से मिली मजबूती को भी रेखांकित किया।