उत्तरप्रदेश: यमुना में नाव पलटी, 2 शव बरामद, 4 बच्चे लापता

हमीरपुर के कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के पास यमुना नदी में गुरुवार को एक दर्दनाक नाव दुर्घटना हो गई। नाव के पलटने से सवार नौ लोग तेज धारा में बह गए। इस हादसे में अब तक एक महिला और एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, जबकि चार बच्चे अभी भी लापता हैं। तीन लोगों को सकुशल बचा लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव के रहने वाले देशराज निषाद के यहां बुधवार को उनकी बेटी की शादी थी। शादी में शामिल होने आए रिश्तेदार गुरुवार को परिवार के साथ यमुना नदी पार कर दूसरी ओर खेतों में तरबूज-खरबूज खाने गए थे। लौटते समय विष्णु निषाद, उनकी पत्नी और सात बच्चे नाव पर सवार थे। नदी के बीच पहुंचते ही नाव असंतुलित होकर पलट गई।

हादसे के समय विष्णु निषाद और एक बच्चे ने तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। एक अन्य बच्चे को स्थानीय मछुआरों ने निकाल लिया। शेष लोग नदी की तेज धारा में बह गए। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

तेज बारिश और नदी की गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। एसडीआरएफ की टीमों को भी राहत कार्य में लगाया गया है। प्रशासन का कहना है कि लापता बच्चों को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।