कोहेफिजा थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह भोपाल गर्ल्स स्कूल की एक वैन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। पंचवटी से बच्चों को ले जा रही वैन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
इस हादसे में वैन में सवार छह बच्चे सुरक्षित बच गए, जबकि स्कूल की महिला स्टाफ सदस्य को सिर में चोट आई है। घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
राहगीरों ने दिखाया संवेदनशीलता
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत वैन से बच्चों को बाहर निकाला और घायल महिला की मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और बच्चों को दूसरी गाड़ी से उनके गंतव्य स्थान पर भेज दिया गया।
बड़े वाहन से बचते हुए हुआ एक्सीडेंट
कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वैन के सामने अचानक एक बड़ा वाहन आ गया। उसे बचाने की कोशिश में ड्राइवर का वाहन अनियंत्रित हो गया और बिजली के खंभे से टकरा गया। पुलिस को ब्रेक फेल होने की भी आशंका है। चालक ने बड़े हादसे को टालने के लिए जानबूझकर वैन को खंभे की तरफ मोड़कर रोका। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उनकी देखभाल की जा रही है।