FSSAI ने स्विगी इंस्टामार्ट को जारी किए 9 नोटिस, खराब खाद्य पदार्थों की शिकायतों पर सख्ती

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने लोकप्रिय क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उपभोक्ताओं की कई शिकायतों के बाद कंपनी को कुल 9 कारण बताओ नोटिस भेजे गए हैं।

शिकायतों में मुख्य रूप से सड़े अंडे, खराब दूध, एक्सपायरी डेट पार हो चुके प्रोटीन पाउडर, दूषित शिशु आहार और अन्य खाद्य सामग्री डिलीवर करने के आरोप लगे हैं। कुछ मामलों में पैकेज्ड खाना खराब अवस्था में पहुंचने और अनुमोदित ब्रांड के बिना उत्पाद बेचने की भी बात कही गई है।

FSSAI ने कंपनी से जवाब मांगा है कि वह उत्पादों की गुणवत्ता जांच, स्टॉक प्रबंधन, भंडारण व्यवस्था, विक्रेताओं की जांच और शिकायत निवारण तंत्र पर पूरी जानकारी दे। साथ ही लाइसेंसिंग, ट्रेसेबिलिटी और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कैसे किया जा रहा है, इसकी रिपोर्ट भी तलब की गई है। अगर तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं आया तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

कुछ उपभोक्ताओं का आरोप है कि जब उन्होंने समस्या उठाई तो कंपनी ने सिर्फ रिफंड देकर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन मूल समस्या का समाधान नहीं किया। FSSAI ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया है।