मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट: कल से भोपाल-ग्वालियर-उज्जैन में बढ़ेगा असर, सतना में स्कूल-कॉलेज बंद

मध्य प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में सक्रिय मजबूत मानसूनी सिस्टम के कारण आज (2 सितंबर) जबलपुर समेत करीब 22 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। सतना जिले में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों में 2 व 3 सितंबर की छुट्टी घोषित कर दी है।

सतना-चित्रकूट में गंभीर स्थिति

सतना और चित्रकूट में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े हुए हैं। मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रामघाट क्षेत्र में सैकड़ों दुकानें और कई होटल पानी में डूब गए हैं। निचले इलाके जलमग्न हो चुके हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान और आंगनवाड़ी केंद्र दो दिनों के लिए बंद रखे जाएंगे। अगले दो दिनों तक यहां भारी बारिश का अलर्ट जारी है।

आज किन जिलों में अलर्ट

मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार आज सीधी, पन्ना, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, मंडला और सिवनी में अति भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 24 घंटे के अंदर 4 इंच से अधिक पानी गिरने की आशंका है।

इसके अलावा विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, जबलपुर, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर और बालाघाट में भी भारी बारिश की चेतावनी है। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर सहित कई अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदेश में अब तक लगभग 27.8 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत से करीब 11 प्रतिशत कम है। पूर्वी हिस्सों में कमी अपेक्षाकृत कम है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में अधिक है।