भोपाल में महिलाओं का गुस्सा फूटा: शिवराज के घर के बाहर घंटों बैठी रहीं रसोइया बहनें

शनिवार को राजधानी भोपाल में मध्यान्ह भोजन और सांझा चूल्हा योजना से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं ने मानदेय नहीं मिलने के खिलाफ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। हजारों महिलाओं ने मुख्यमंत्री निवास की दिशा में मार्च निकाला और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास के बाहर घंटों बैठकर अपनी नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले चार महीनों से उनका मानदेय नहीं आया है। वे काम कर रही हैं, फिर भी भुगतान लंबित है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार लाड़ली बहना योजना के जरिए बिना श्रम के राशि दे रही है, जबकि मेहनत करने वाली उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा। नारे गूंज रहे थे, लाड़ली बहना को पैसा मिलता है, हमें मेहनताना नहीं।

स्वयं सहायता समूहों और रसोइया संघ से जुड़ी ये महिलाएं कई जिलों से भोपाल पहुंची थीं। अंबेडकर पार्क और लिंक रोड नंबर 1 पर भी धरना दिया गया। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश के दौरान यातायात प्रभावित हुआ। शिवराज सिंह चौहान के बंगले के सामने भी महिलाएं जमा रहीं और नारेबाजी करती रहीं। उनका साफ संदेश था कि मांगें पूरी होने तक वे पीछे नहीं हटेंगी।

प्रांतीय महिला स्व-सहायता समूह महासंघ की प्रदेश अध्यक्ष सरिता ओमप्रकाश सिंह बघेल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर लंबित भुगतान सहित 16 सूत्रीय मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपील की है।