माफी मांगता रहा बच्चा, फिर भी प्रिंसिपल ने पीटा, भोपाल स्कूल में सनसनीखेज आरोप

भोपाल के गांधीनगर इलाके के फादर एग्नेल स्कूल में एक गंभीर घटना सामने आई है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले नौ वर्षीय छात्र के पिता उजेर अहमद ने स्कूल के प्रिंसिपल मनोहर काटा पर आरोप लगाया है कि 8 अक्टूबर को स्कूल परिसर में उनके बेटे के साथ मारपीट की गई।

पिता का कहना है कि घर लौटने के बाद बच्चे ने पूरी बात बताई। उनके अनुसार, प्रिंसिपल ने छात्र को पीटा। इस दौरान बच्चा बार-बार माफी मांगता रहा, लेकिन प्रिंसिपल रुके नहीं। बच्चे के चेहरे और कंधे पर चोट के निशान साफ दिख रहे हैं। घटना के बाद उसे सुनने में दिक्कत हो रही है। घर पहुंचते ही चक्कर आने से वह गिर भी गया। परिवार ने तुरंत बच्चे को हमीदिया अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच करवाई।

उजेर अहमद ने उसी रात करीब ग्यारह से साढ़े ग्यारह बजे गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पिता ने यह भी बताया कि शिकायत के बाद स्कूल से जुड़े किसी व्यक्ति ने फोन करके समझौते की पेशकश की।

पुलिस की तरफ से एडीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने जानकारी दी कि हमीदिया अस्पताल से बच्चे की मेडिकल लीगल रिपोर्ट हासिल की जा चुकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र की किसी हरकत पर शिक्षक ने पहले समझाया। इसके बाद भी स्थिति न सुधरने पर उसे प्रिंसिपल के पास ले जाया गया। प्रिंसिपल द्वारा एक थप्पड़ मारने की बात कही जा रही है। परिवार ने सुनने में तकलीफ और मानसिक आघात का जिक्र किया है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट के साथ स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। इन्हीं आधारों पर आगे की कार्रवाई तय होगी।