कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस ने प्रिवेंटिव अरेस्ट में ले लिया है। उन्हें आज शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेश किया जाएगा।
इस बीच सीजेपी की कानूनी टीम मंदिर मार्ग थाने पहुंच चुकी है। पार्टी की लीगल अफेयर्स प्रमुख रत्ना सिंह और अधिवक्ता पुष्प शर्मा थाने पहुंचे। रत्ना सिंह ने जानकारी दी कि दीपके को दोपहर करीब 12 बजे SEM के समक्ष पेश किया जाएगा। थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
शुक्रवार शाम को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले पुलिस ने कार्रवाई की। अभिजीत दीपके को झंडेवालान इलाके में एक नेता के आवास से बाहर निकलते ही हिरासत में लिया गया। उनके हाथ में तिरंगा था।
पुलिस ने उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत प्रिवेंटिव अरेस्ट किया। पुलिस का कहना है कि दीपके को पहले दो नोटिस दिए गए थे, जिसमें सेंट्रल पार्क न जाने का निर्देश था। इसके अलावा, पिछले एक अवसर पर उन्होंने 50 हजार रुपये का शांति बॉन्ड भरा था और एक साल तक शांति भंग न करने का वादा किया था। पुलिस मजिस्ट्रेट को इन शर्तों के कथित उल्लंघन की जानकारी देगी।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएसए) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को मंडी हाउस इलाके से हिरासत में लिया गया था। उन्हें दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार सुबह रिहा कर दिया गया।