भोपाल के बैरागढ़ इलाके में 12-13 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है। शनिवार को स्थानीय निवासियों ने बैरागढ़ थाने का घेराव कर दिया। भीड़ थाने के अंदर घुसने की कोशिश करती रही और बार-बार यह मांग दोहराती रही कि आरोपी को उनके हवाले कर दिया जाए ताकि वे खुद उसे सजा दे सकें। हालात को देखते हुए प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में आवागमन ठप पड़ गया। थाने के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया। नारेबाजी के बीच लोग कह रहे थे कि आरोपी को तुरंत उनके सामने लाया जाए। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर भीड़ को शांत करने और स्थिति नियंत्रण में रखने का प्रयास करते रहे।
कैसे हुई घटना
बच्ची बैरागढ़ फाटक रोड की झुग्गी बस्ती में रहती थी। परिवार की मदद के लिए वह कबाड़ बीनने का काम करती थी। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह घर से निकली, लेकिन वापस नहीं आई। परिजनों ने देर रात थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शुक्रवार को कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक वीरान इमारत की ऊपरी मंजिल पर कंबल में लिपटा उसका शव मिला। कपड़े अलग पड़े थे। शुरुआती जांच में गला दबाने या घोंटने से मौत की संभावना जताई गई है। यौन उत्पीड़न का पहलू पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद 23 वर्षीय मुईन बेग को हिरासत में लिया। फुटेज में बच्ची उसके साथ इमारत में प्रवेश करती और वह अकेला बाहर निकलता दिखा। आरोपी से पूछताछ जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच चल रही है।