अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फ्रांस में चल रहे हिंसक प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पेरिस बहुत जल्दी मुस्लिम शहर बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की इमिग्रेशन नीतियों को इन घटनाओं का मुख्य कारण बताया।
व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने याद दिलाया कि उन्होंने सालों पहले मैक्रों को चेतावनी दी थी। उनके अनुसार, फ्रांस पूरी दुनिया से लोगों को आने दे रहा है, जिससे देश की स्थिति खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि सीमाएं समय रहते बंद कर देनी चाहिए थीं और यूरोप को भी ऐसा करना होगा, नहीं तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
ये बयान फ्रांस में सप्ताहांत के दौरान हुए प्रदर्शनों के बाद आए। प्रदर्शन महंगाई, स्कूलों की खराब हालत और सरकारी नीतियों के खिलाफ थे, लेकिन कुछ जगहों पर हिंसा, लूटपाट और पुलिस से झड़पें भी हुईं। कई शहरों में प्रशासन को पाबंदियां लगानी पड़ीं।
फ्रांस में मुस्लिम आबादी के आंकड़े अलग-अलग सर्वेक्षणों पर आधारित हैं क्योंकि वहां धर्म के आधार पर आधिकारिक जनगणना नहीं होती। हालिया अनुमानों के मुताबिक देश की कुल आबादी में मुस्लिमों की हिस्सेदारी करीब 7 से 10 प्रतिशत के बीच बताई जाती है। पेरिस क्षेत्र में यह अनुपात थोड़ा अधिक हो सकता है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर वे अभी भी अल्पसंख्यक हैं।