भारत के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों पर अपनी स्थिति साफ की है। नेटवर्क18 को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परमाणु हथियार रखने वाला देश है और उसकी भौगोलिक स्थिति के कारण अमेरिका के लिए उसके साथ संपर्क बनाए रखना आवश्यक है।
रुबियो ने स्पष्ट किया, “पाकिस्तान ऐसा देश है जिसके साथ हमें संबंध रखना ही पड़ता है। उसके पास परमाणु हथियार हैं और भौगोलिक दृष्टि से भी उससे संवाद बनाए रखना हमारी जरूरत है। ठीक उसी तरह जैसे भारत सरकार ईरान के साथ संबंध रखती है और वहां के नेताओं से मुलाकात करती है।”
उन्होंने आतंकवाद के प्रति अमेरिका की स्पष्ट नीति दोहराते हुए कहा कि वाशिंगटन दुनिया में कहीं भी आतंकवाद और उसे समर्थन देने वालों का विरोध करता है। फिर भी विदेश नीति के संचालन में उन देशों से भी रिश्ते रखने पड़ते हैं जिनसे मतभेद होते हैं। रुबियो के अनुसार पाकिस्तान से संवाद बनाए रखने से अमेरिका को उन गतिविधियों को हतोत्साहित करने में मदद मिल सकती है, जिनसे भारत चिंतित रहता है।
उन्होंने भारत को आश्वासन देते हुए कहा कि पाकिस्तान या किसी अन्य देश के साथ अमेरिका के संबंध भारत के साथ उसकी रणनीतिक साझेदारी की कीमत पर नहीं होंगे। अमेरिका भारत के साथ अपने रिश्तों को किसी अन्य देश के साथ तुलना करके नहीं देखता।