कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका को बुधवार को जमानत मिलने के बावजूद उनकी कानूनी परेशानियां जारी हैं। तिहाड़ जेल से रिहा होते ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों को पूछताछ के लिए तलब कर लिया।
बुधवार रात करीब 8:30 बजे जब दोनों नेता जेल गेट से बाहर निकले, तो क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें राजौरी गार्डन स्थित अपने कार्यालय में पेश होने का नोटिस थमा दिया। इससे पहले स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने दिल्ली पुलिस की कस्टडी बढ़ाने की अर्जी खारिज करते हुए उन्हें जमानत दे दी थी।
यह मामला 13 और 14 अक्टूबर का है। पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पुलिस ने दोनों नेताओं को जंतर-मंतर के प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना है कि उन्होंने पहले भरे गए शांति बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया और सरकारी आदेशों की अवहेलना की। इस संबंध में थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। दोनों नेताओं के शुरुआती बयानों में विरोधाभास भी पाया गया है, इसलिए क्राइम ब्रांच गहन जांच कर रही है।