आंधी-तूफान का येलो अलर्ट: इंदौर-बैतूल समेत 11 जिलों में अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

अलर्ट वाले जिलों में नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, इंदौर, धार, बड़वानी और अलीराजपुर शामिल हैं। यहां हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बाकी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। राजधानी भोपाल में आज आसमान साफ रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। 24 अक्टूबर से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिसका प्रभाव प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों पर पड़ सकता है। इंदौर संभाग में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

रात के तापमान में गिरावट जारी है। पिछले 24 घंटे में अमरकंटक (अनूपपुर) में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। रीवा में 16 डिग्री, पचमढ़ी में 16.6 डिग्री, मंदसौर में 16.8 डिग्री और दतिया में 17 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।