6 साल की बच्ची से दुष्कर्म: आरोपी के एनकाउंटर की मांग पर 65 घंटे से धरना

रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपी सलमान (23) चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग को लेकर स्थानीय लोग और महिलाएँ पिछले तीन दिन (65 घंटे से अधिक) से कड़ाके की ठंड के बावजूद गौहरगंज थाने के सामने धरना दे रहे हैं।

पुलिस ने फरार आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इधर, दुष्कर्म का शिकार हुई बच्ची एम्स भोपाल में भर्ती है, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत में सुधार बताया है।

100 जवानों की टीम सघन तलाशी में जुटी

एएसपी कमलेश खरपुसे ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में 100 जवानों की टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें तिलेन्डी, अमरथोन, चिकलोद और अम्बाई समेत आसपास के जंगल और ग्रामीण इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ फार्महाउस, खेत के टपरों और पोल्ट्री फार्म जैसे संदिग्ध स्थानों की भी जाँच कर रही है। भोपाल और शाहगंज में भी आरोपी की तलाश जारी है।

एनकाउंटर की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी

सोमवार शाम को स्थानीय विधायक सुरेंद्र पटवा भी प्रदर्शनकारियों से मिलने पहुँचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन धरने पर बैठे लोगों ने साफ कर दिया कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार कर उसका एनकाउंटर नहीं किया जाता, तब तक वे धरना जारी रखेंगे।