ऑपरेशन WILEP के तहत ₹3.5 लाख के 35 जीवित कछुए बरामद

झारखंड के धनबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन WILEP के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 जीवित कछुओं को तस्करी से बचाया है। बुधवार को योगनगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13010) के महिला कोच से ये कछुए लावारिस हालत में बरामद किए गए।

महिला कोच से मिले लावारिस थैले

वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर RPF पोस्ट धनबाद की टास्क टीम प्लेटफॉर्म पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि ट्रेन के गार्ड ब्रेक से सटे महिला कोच में कछुओं की तस्करी की जा रही है।

सूचना के आधार पर, टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर ट्रेन के रुकते ही कोच की जांच की। सीट के नीचे लावारिस अवस्था में तीन कपड़े के थैले मिले, जिनमें जूट के बोरे में रखे 35 जीवित कछुए पाए गए। बरामद कछुए इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹3.50 लाख बताई जा रही है।

आरपीएफ टीम ने सभी कछुओं को जब्त कर तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कछुओं को वन क्षेत्र पदाधिकारी, धनबाद को सौंप दिया गया है।