भोपाल की टीटी नगर पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बीजेपी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाहा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कुशवाहा समाज को आवंटित भवन पर कब्ज़ा करने के गंभीर आरोप थे।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में बीजेपी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल भानपुर के बेटे सीताराम कुशवाहा और मोहन कुशवाहा शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया।
15 साल पहले तैयार किए गए फर्जी दस्तावेज़
पुलिस ने बताया कि आरोपी भगत सिंह कुशवाहा ने लगभग 15 साल पहले कुशवाहा समाज को आवंटित भवन के फर्जी दस्तावेज़ तैयार कराए थे। इन्हीं दस्तावेज़ों के आधार पर वे भवन पर अवैध रूप से कब्ज़ा बनाए हुए थे और वहाँ से अपना ऑफिस तथा एक गर्ल्स हॉस्टल संचालित कर रहे थे।
टीआई गौरव सिंह ने पुष्टि की कि सभी आरोपियों को उनके घर से पकड़ा गया है। इन सभी पर समाज की संपत्ति को निजी उपयोग में लेने का आरोप है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जाँच कर रही है।