जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर सड़क से उतरी बस;एक की मौत

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे-30 पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्ग से तीर्थयात्रियों को लेकर तिरुपति जा रही एक निजी टूरिस्ट बस भानपुरी थाना क्षेत्र के तारागांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बस के सहायक (कंडक्टर हेल्पर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

तड़के हुआ हादसा, खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री जानकारी के अनुसार, बस में दुर्ग और रायपुर के करीब 30 से 40 दर्शनार्थी सवार थे। गुरुवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच जब बस तारागांव के नजदीक पहुंची, तो अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गई और सीधे एक बड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और अन्य यात्रियों ने बस की खिड़कियां तोड़कर सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

राजनांदगांव के युवक की दुखद मौत इस सड़क दुर्घटना में राजनांदगांव जिले के रहने वाले 18 वर्षीय युवक तारकेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तारकेश्वर बस में सहायक के रूप में कार्यरत था। वहीं, घायल ड्राइवर और अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा हादसे की सूचना मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी सुरक्षित यात्रियों को अपने वाहनों के जरिए भानपुरी थाने लाया है, जहां उनके ठहरने और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना या कोहरा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।