गुना जिले के धरनावदा क्षेत्र के निकट रविवार रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। जन्मदिन समारोह से वापस लौट रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में वाहन में सवार 12 लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में लाल सिंह (37 वर्ष), निवासी उकाबद खुर्द और माया कंजर (पत्नी रामदास), निवासी बिलौरी चिंता कटारा शामिल हैं। घायलों में मोहन (पुत्र बाबूलाल), नरेंद्र लोधा, चंचल बाई, अरविंद लोधा, फूल सिंह, रायना बाई, नगमा कंजर और रूप सिंह हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस सेवा तुरंत सक्रिय हुई। चार इमरजेंसी एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां मौजूद ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल, गुना ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों की संख्या अधिक होने के कारण भोपाल स्थित 108 कॉल सेंटर से अतिरिक्त एम्बुलेंस भी मंगवाई गई। राघौगढ़ से जगदंबा किरार, पायलट पीयूष सेन, अभय बघेल, धर्मेंद्र और सुरेश सहित तीन एम्बुलेंस टीम तुरंत रवाना हुई। इसके अलावा कुंभराज की एक और एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची।