भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक की जिंदा जलने से मौत

राजस्थान के जोधपुर जिले में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात एक अत्यंत दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। रतन नगर और चंडालिया के बीच एक ट्रेलर ने मूंगफली से भरे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। इस अग्नितांडव में ट्रक चालक को वाहन से बाहर निकलने का अवसर भी नहीं मिला और वह केबिन के भीतर ही जिंदा जल गया। आग इतनी भयावह थी कि ट्रक की नंबर प्लेट और चालक के दस्तावेज तक जलकर राख हो गए, जिससे मृतक की पहचान करना प्रशासन के लिए कठिन हो गया है।

दुर्घटना रात करीब 9:45 बजे उस समय हुई जब पंजाब से गुजरात की ओर जा रहे ट्रक को बीकानेर से मिट्टी लेकर आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए। ट्रक में लदी मूंगफली ने ईंधन का काम किया, जिससे लपटें और तेज हो गईं। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और दोनों ओर करीब 5-5 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों गाड़ियां और यात्री घंटों तक फंसे रहे।

इस घटना ने एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के करीब एक घंटे बाद ओसियां से एकमात्र फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन वह भी आधी खाली थी। पानी की कमी के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। अंततः स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए अपने निजी ट्यूबवेल से ट्रैक्टरों के जरिए पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एनएचएआई (NHAI) की ओर से इतने बड़े हाईवे पर अग्निश्मन या त्वरित राहत की कोई व्यवस्था नहीं है।

सूचना मिलने के काफी समय बाद ओसियां थाना पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी मौके पर पहुंची, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। देर रात तक पुलिस यातायात सुचारू करने और मलबे को हटाने के प्रयास में जुटी रही। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेलर गुजरात के मोरबी स्थित टाइल्स फैक्ट्रियों के लिए कच्चा माल लेकर जा रहा था। फिलहाल पुलिस मृतक चालक की शिनाख्त करने और परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।