हरियाणा पुलिस के ‘हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ अभियान के 22 दिन पूरे हो चुके हैं, जो राज्य के संगठित अपराध और अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने में बेहद निर्णायक साबित हो रहा है। अभियान के 22वें दिन पुलिस ने प्रदेश भर के 883 संवेदनशील ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस सघन कार्रवाई के दौरान विभिन्न जिलों से कुल 169 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और 62 नए आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 6 मामले आर्म्स एक्ट के तहत हैं।
आर्थिक चोट और संपत्तियों पर प्रहार पुलिस ने इस अभियान में न केवल अपराधियों को पकड़ा, बल्कि उनके आर्थिक स्रोतों पर भी कड़ा प्रहार किया है। कार्रवाई के दौरान 13.52 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई। इसके साथ ही, हिंसक अपराधियों की दो संपत्तियों को अटैच (कुर्क) किया गया और एक अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर उनके साम्राज्य को चोट पहुंचाई गई। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 894 ग्राम हेरोइन, 3.6 किलो गांजा और 14 किलो से अधिक अफीम बरामद की गई। साथ ही, भारी मात्रा में अवैध देशी व अंग्रेजी शराब भी जब्त की गई है।
अंबाला कोर्ट फायरिंग कांड में बड़ी सफलता इस प्रदेशव्यापी अभियान के दौरान अंबाला पुलिस को सबसे बड़ी कामयाबी हाथ लगी। सीआईए-1 की टीम ने उत्तर प्रदेश-नेपाल सीमा से दो इनामी बदमाशों, शुभम उर्फ काका और शिवा को गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी मार्च 2025 में अंबाला कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग की घटना के बाद से 9 महीने से फरार चल रहे थे। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक 6 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
साइबर ठगों के खिलाफ डिजिटल स्ट्राइक साइबर अपराध के मोर्चे पर भी हरियाणा पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हेल्पलाइन 1930 पर मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ठगी के 1.20 करोड़ रुपये में से 88.94 लाख रुपये को समय रहते फ्रीज (Hold) करवा दिया। इस दौरान 17 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हुई और 1,761 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को ब्लॉक किया गया। साथ ही, 317 आपत्तिजनक सोशल मीडिया प्रोफाइल्स को भी हटाया गया है।
जिलों का रिपोर्ट कार्ड:
- गुरुग्राम: 63 हॉटस्पॉट पर रेड, 43 आरोपी गिरफ्तार और 3.21 लाख कैश बरामद।
- फरीदाबाद: 49 स्थानों पर छापेमारी, गांजा बरामदगी और लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश।
- हिसार: अन्य राज्यों के साथ इंटेलिजेंस साझा कर 2 लुकआउट सर्कुलर जारी किए।
- हथियार नियंत्रण: गन हाउसों के निरीक्षण में नियम उल्लंघन पर 5 शो-कॉज नोटिस जारी किए गए।
हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक प्रदेश से संगठित अपराध का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।