पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 2 पुरुषों और 3 महिलाओं सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, आरोपियों के चंगुल से 4 पीड़ित महिलाओं को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
कुल्लू के एसपी मदन लाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मनाली पुलिस थाने में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिलाओं में एक दिल्ली और दो पंजाब की रहने वाली हैं, जबकि पुरुष आरोपियों में से एक जम्मू-कश्मीर और दूसरा कुल्लू का निवासी है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और पुलिस गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।