पत्नी को मौत के घाट उतार पति ने किया सुसाइड, 13 साल बाद भी बेऔलाद था जोड़ा

ग्रेटर नोएडा  के विसरख थाना क्षेत्र के सरस्वती कुंज (गौर सोसाइटी के पास) में रविवार शाम एक रूह कंपा देने वाला मामला प्रकाश में आया है। मूल रूप से एटा के रहने वाले अनिल (33) ने अपनी पत्नी अनीता (30) की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे बाद में पुलिस ने तोड़कर शवों को बाहर निकाला।

गर्दन पर किए 7 वार

पुलिस जांच में सामने आया है कि रविवार शाम करीब 5 बजे दोनों काम से घर लौटे थे, जिसके बाद उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर अनिल ने धारदार हथियार से अनीता के गले पर 5 से 7 बार ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अनीता की मौके पर ही मौत हो गई।

हैरान करने वाली बात यह है कि पत्नी की हत्या के बाद अनिल ने खुद को भी चोट पहुँचाई। उसने चाकू से अपने हाथ और शरीर पर कई वार किए और अंत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।

एक महीने पहले ही आए थे किराए पर

अनिल एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करता था, जबकि अनीता पास की ही सोसाइटी में घरों में साफ-सफाई का काम करती थी। इस दंपत्ति ने महज एक महीने पहले ही सरस्वती कुंज में किराए पर कमरा लिया था। पड़ोसियों ने बताया कि शाम को जब घर के अंदर से चीख-पुकार और झगड़े की आवाजें आईं, तो उन्होंने मकान मालिक को सूचित किया। खिड़की से झांकने पर जब लहूलुहान लाश दिखी, तो इलाके में हड़कंप मच गया।

 संतान न होना बना विवाद की वजह

पड़ोसियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, अनिल और अनीता की शादी 13 साल पहले हुई थी। इतने लंबे समय के बाद भी उनकी कोई संतान नहीं थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर अनबन रहती थी और रविवार को भी झगड़े का मुख्य कारण यही था।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही विसरख पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एटा में उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है कि क्या विवाद के पीछे कोई और तात्कालिक कारण भी था।