ग्वालियर के थोक दवा बाजार में नकली आयुर्वेदिक दवाओं और हेल्थ सप्लीमेंट्स की अवैध सप्लाई के खिलाफ आयुष विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। जिला आयुष अधिकारी डॉ. भरत उज्जैनिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने एक वाहन (MP 07 CK 8662) को रोककर ‘एडवांस बॉडी ग्रोथ पाउडर’ के 300 नकली डिब्बे बरामद किए। मौके पर मौजूद अभिषेक और आशीष शर्मा ने 31,500 रुपये का पुराना बिल और एक अधिकार पत्र दिखाया, लेकिन जब टीम ने वैध निर्माण लाइसेंस मांगा, तो वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
सत्यम फार्मेसी की शिकायत पर खुलासा
यह पूरी कार्रवाई सत्यम फार्मेसी की शिकायत के बाद की गई। कंपनी ने आरोप लगाया था कि उनके मूल उत्पाद ‘एडवांस बॉडी ग्रोथ पाउडर’ की हूबहू नकल तैयार कर बाजार में खपाई जा रही है। जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया कि आयुष संचालनालय द्वारा इस पाउडर का लाइसेंस 23 दिसंबर 2025 को ही निरस्त किया जा चुका है। लाइसेंस रद्द होने के बावजूद इस उत्पाद का निर्माण और विक्रय करना औषधि कानून के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
आयुष विभाग ने जब्त किए गए माल को अपनी कस्टडी में ले लिया है। डॉ. भरत उज्जैनिया ने बताया कि दोषियों के खिलाफ संबंधित थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया जा रहा है। विभाग अब यह पता लगा रहा है कि ‘नेफ हर्बोवेदा’ और ‘सिद्धि हर्बल्स’ जैसे नामों का इस्तेमाल कर इस नकली नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले नकली दवा कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।