मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकंडरी परीक्षा में फिजिक्स और केमिस्ट्री के पेपर खराब होने से परेशान 17 वर्षीय छात्र नचिकेत कामदार ने शनिवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है।
लसूड़िया पुलिस के अनुसार, नचिकेत पुत्र राजेश कामदार ओमेक्स सिटी क्षेत्र में रहते थे। उन्होंने पिता राजेश कामदार को बताया था कि फिजिक्स और केमिस्ट्री के पेपर अच्छे नहीं गए। पिता ने उन्हें समझाया और तनाव न लेने की सलाह दी, लेकिन छात्र पिछले दो दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला। वह अगले पेपर की तैयारी का बहाना बनाकर अकेला रह रहा था।
शनिवार को उसके छोटे भाई ने कमरे में जाकर उसे फंदे पर लटका देखा। परिवार ने तुरंत सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, नचिकेत पढ़ाई में होशियार था और निजी कोचिंग भी ले रहा था। परीक्षा के दो विषयों में खराब प्रदर्शन से वह गहरे तनाव में चला गया था।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और जांच के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजन शव लेकर मूल निवास सलकनपुर (जिला सीहोर) के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है कि नचिकेत के पिता राजेश कामदार राऊ के एक कॉलेज में शिक्षक हैं, जबकि मां पटवारी के पद पर शिप्रा इलाके में तैनात हैं। परिवार मूल रूप से सलकनपुर का निवासी है।