पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश किया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यह बजट सदन में प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह बजट मां-बेटियों को समर्पित है और राज्य सरकार द्वारा जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह बजट 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पेश किया गया है। इसमें महिलाओं के लिए प्रमुख घोषणा की गई है। सरकार ने ‘मुख्यमंत्री मावां-धीआं सत्कार योजना’ शुरू करने का ऐलान किया, जिसके तहत हर महिला (18 वर्ष से अधिक आयु की) को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह मिलेंगे। यह वादा आम आदमी पार्टी ने 2022 के चुनाव में किया था, जिसे अब बजट में प्रावधान करके लागू करने की तैयारी है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
बजट में शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 19,279 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 7 प्रतिशत अधिक है। स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण और मशीनों पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्य के 23 जिला अस्पतालों और 42 उप-मंडलीय अस्पतालों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता सुधारने, मरीजों की सुविधाएं बढ़ाने और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के कदम उठाए गए हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए विशेष विंग स्थापित किए जा रहे हैं।
आम आदमी क्लीनिक का विस्तार
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए आम आदमी क्लीनिक योजना का विस्तार जारी रहेगा। चालू वित्त वर्ष में 100 नए क्लीनिक शुरू किए जा रहे हैं, जबकि 2026-27 में 143 अतिरिक्त क्लीनिक खोले जाएंगे। साथ ही 308 सहायक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड कर आम आदमी क्लीनिक में बदला जाएगा। सरकार का लक्ष्य मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल में कुल 1,432 क्लीनिक स्थापित करना है। इस योजना के लिए अगले वित्त वर्ष में 351 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है।
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट पेश करने से पहले अपनी माता मंजीत कौर से आशीर्वाद लिया और स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह तथा संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। बजट दस्तावेज को पारंपरिक फुलकारी कवर में लपेटकर प्रस्तुत किया गया।