इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पारिवारिक विवाद के कारण एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह वारदात मंगलवार सुबह गली नंबर 3 में स्थित उनके किराए के मकान में हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक व्यक्ति की पहचान एकनाथ बाघ के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने परदेशीपुरा पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के एक हिस्से में एकनाथ को फंदे पर लटका हुआ पाया, जबकि घर के दूसरे कमरे में उनकी पत्नी रोहिणी का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ।
शुरुआती जांच में पता चला है कि सुबह करीब 8 बजे एकनाथ ने अपने दोनों बच्चों को दूध लेने के लिए बाहर भेज दिया था। लगभग 20 मिनट बाद जब बच्चे वापस लौटे, तो उन्होंने अपने पिता को फंदे पर लटका देखा। उस समय एकनाथ के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। रोहिणी के शव के पास टूटी हुई चूड़ियां मिलने से आशंका जताई जा रही है कि पहले पति ने पत्नी की हत्या की, फिर खुद ने जीवन समाप्त किया।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की। पुलिस आस-पास के लोगों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की असली वजह का पता लगाया जा सके।
जानकारी के मुताबिक, एकनाथ मूल रूप से मैकेनिक का काम करते थे, लेकिन पिछले कुछ समय से वे शेयर मार्केट से जुड़े काम कर रहे थे। उनके दो भाई अलग-अलग रहते हैं, जबकि पिता रामनगर में निवास करते हैं। परिवार पिछले डेढ़ साल से परदेशीपुरा इलाके में किराए के कमरे में रह रहा था।