पीएम मोदी ने नेपाल RSP नेताओं रबी लामिछाने और बालेंद्र शाह को फोन कर दी जीत की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के प्रमुख नेताओं रबी लामिछाने और बालेंद्र शाह से टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने नेपाल के हालिया संसदीय चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत पर बधाई दी।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि बातचीत सौहार्दपूर्ण रही। उन्होंने दोनों नेताओं को उनकी व्यक्तिगत जीत और आरएसपी की शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्होंने नई सरकार के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं और दोनों देशों की समृद्धि, विकास तथा कल्याण के लिए भारत के साथ मिलकर काम करने की मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से भारत-नेपाल संबंध आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को छूएंगे। नेपाल की प्रतिनिधि सभा में कुल 275 सीटें हैं, जिनमें से 165 सीटें प्रत्यक्ष निर्वाचन (फर्स्ट-पास्ट-द-पोस्ट) से और 110 सीटें समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से भरी जाती हैं।

चुनाव परिणामों के अनुसार, आरएसपी ने प्रत्यक्ष निर्वाचन में 125 सीटें जीती हैं। समानुपातिक वोटों में भी पार्टी को भारी बढ़त मिली है, जहां उसे लगभग 50 लाख से अधिक वोट प्राप्त हुए हैं। इससे पार्टी को अतिरिक्त 50-58 सीटें मिलने की संभावना है, जिससे कुल सीटें 175-183 के आसपास पहुंच सकती हैं। यह संख्या साधारण बहुमत (138 सीटें) से काफी अधिक है और दो-तिहाई बहुमत (184 सीटें) के निकट है।

वहीं, नेपाली कांग्रेस को प्रत्यक्ष में 18 सीटें मिली हैं, जबकि सीपीएन-यूएमएल को 9 सीटें प्राप्त हुई हैं। अन्य पार्टियां और निर्दलीय भी सीमित सीटों पर सफल रहे हैं।