मध्य प्रदेश में पिछले 4 दिन तक सक्रिय रहे स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम ने पूरे प्रदेश को प्रभावित किया। कुल 45 जिलों में आंधी-बारिश का दौर चला, जबकि 17 जिलों में ओलावृष्टि हुई। इससे केला, पपीता और गेहूं जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान अब मुआवजे की मांग कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, सिस्टम अब कमजोर पड़ गया है और अगले 4 दिन तक तेज गर्मी का अलर्ट है। कहीं भी बारिश या आंधी का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इंदौर, धार, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, बुरहानपुर, खंडवा, भोपाल, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, मऊगंज, श्योपुर, मुरैना, दतिया, अशोकनगर, रतलाम, उज्जैन, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, अनूपपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा और मंडला समेत 45 जिलों में आंधी-बारिश दर्ज की गई। इनमें से अलीराजपुर, बड़वानी, विदिशा, बैतूल, झाबुआ, खंडवा, आगर-मालवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, छतरपुर, शिवपुरी, रायसेन, सागर, दमोह, पन्ना और मंडला जिलों में ओले भी गिरे।
धार और खरगोन समेत कई जिलों में हालात सबसे खराब रहे। तेज हवाओं और ओलों ने खेतों में खड़ी फसलों को बर्बाद कर दिया। किसान संगठन और प्रभावित किसान सरकार से तुरंत मुआवजे की मांग कर रहे हैं। फरवरी में भी चार बार और मार्च में अब तीसरी बार ऐसे सिस्टम सक्रिय हुए हैं, जिससे फसलों पर लगातार असर पड़ रहा है।
तापमान में गिरावट, अब गर्मी का दौर
इस सिस्टम के चलते कई जगहों पर दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा। सबसे कम पचमढ़ी में 25.6 डिग्री, रीवा-दतिया में 28.2 डिग्री, नौगांव-सतना में 28.3 डिग्री दर्ज किया गया। पांच बड़े शहरों में भोपाल 29.4 डिग्री, जबलपुर 29.5 डिग्री, इंदौर 30.6 डिग्री, ग्वालियर 28.4 डिग्री और उज्जैन में 31.5 डिग्री तापमान रहा।
अब सिस्टम आगे बढ़ने से मौसम साफ रहेगा। अगले 4 दिन तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। 26 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी या बादल छा सकते हैं।
अप्रैल-मई में भीषण गर्मी का अनुमान
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल अप्रैल और मई सबसे गर्म रहेंगे। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में पारा 45 डिग्री पार कर सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी गर्मी की चपेट में रहेंगे।