भोपाल: मुस्लिम समाज ने उठाई गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग

पुराने शहर के इतवारा चौराहे पर मंगलवार को ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के बैनर तले मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने गौ माता के सम्मान में जोरदार नारे लगाए और सरकार से तत्काल कार्रवाई की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा कि इस्लाम धर्म में गाय का वध करना और उसका मांस खाना पूरी तरह हराम है। उन्होंने बताया, “हमारे नबी साहब के फरमान के मुताबिक न तो हम गाय को काट सकते हैं और न ही उसका गोश्त खा सकते हैं। गाय का दूध और घी हमारे लिए लाभकारी है, जिसका हम रोजाना उपयोग करते हैं।”

शमशुल हसन ने देश में गाय और बछड़ों को लेकर बढ़ रहे विवादों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को जानबूझकर गलत दिशा में मोड़ा जा रहा है। “जब हम खुद गाय को माता का दर्जा देते हैं, तो उसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने में सरकार को क्या दिक्कत है? खास बात यह है कि यह मांग खुद मुस्लिम समाज की ओर से आ रही है, इसलिए इसमें किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से सीधे अपील की कि गाय को शीघ्र राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाए।

शमशुल हसन का कहना था कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने से गौवध और इससे जुड़ी अफवाहों पर अंकुश लगेगा तथा असली दोषियों की पहचान आसानी से हो सकेगी। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने एक स्वर में इस मांग का समर्थन किया।