बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा निवासी 18 वर्षीय एक युवती ने प्रेमी से शादी कराने की जिद में मंगलवार दोपहर जोतबगही गांव स्थित जल जीवन मिशन की 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे दी। युवती के इस कदम से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे तक चले तनावपूर्ण माहौल के बाद पुलिस के समझाने और प्रेमी को मौके पर बुलाने के बाद युवती नीचे उतरी। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से उसी समय दोनों का जयमाल करा दिया गया।
युवती ने बताया कि पास ही रहने वाले 19 वर्षीय युवक से उसकी कॉलेज के दिनों में दोस्ती हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों करीब चार साल से रिश्ते में थे। युवती के परिवार वालों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी, जिसकी तारीख 21 अप्रैल 2026 रखी गई थी।
युवती ने बताया, “मैंने घर वालों से कई बार शादी के लिए मना किया, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने मुझे घर से बाहर निकलने भी नहीं दिया। जब कोई रास्ता नहीं बचा तो मैंने टंकी पर चढ़कर अपनी जान देने की धमकी दी।”
स्थानीय लोगों ने युवती को टंकी पर चढ़ते देखकर तुरंत रोकने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से ऊपर पहुंच गई। नीचे जमा भीड़ ने उसे समझाने का प्रयास किया, पर युवती ने साफ कहा कि “बॉयफ्रेंड से शादी कराओ, वरना कूदकर जान दे दूंगी।”
मामला गंभीर बनता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बेलीपार थाने की टीम मौके पर पहुंची और युवती को समझाने लगी। करीब दो घंटे तक चले प्रयासों के बाद पुलिस ने युवती के प्रेमी को भी बुलवाया। प्रेमी के आने और समझाने पर युवती नीचे उतरने को तैयार हो गई।
पुलिस के अनुसार, मौके पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। परिवार वालों ने आपसी सहमति से रिश्ते को स्वीकार कर लिया। उसी समय दोनों का जयमाल कराया गया और युवती को लड़के के घर भेज दिया गया।
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि युवती पूरी तरह सुरक्षित है और दोनों परिवारों की सहमति से मामला सुलझ गया है। युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।