तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को कांग्रेस ने अपना समर्थन देने का फैसला कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की वर्चुअल बैठक में यह प्रस्ताव पास किया गया और जल्द ही आधिकारिक रूप से समर्थन पत्र जारी किया जा सकता है।
यह फैसला इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस ने 2021 और 2026 के चुनाव डीएमके के साथ गठबंधन में लड़े थे। अब कांग्रेस टीवीके के साथ मिलकर सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। चर्चाओं के अनुसार, कांग्रेस इसके एवज में कैबिनेट में दो मंत्री पदों और कुछ सरकारी बोर्डों के अध्यक्ष पदों की मांग रख सकती है।
राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत है। टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के पांच निर्वाचित विधायकों के समर्थन के साथ विजय के पास कुल 113 विधायकों का समर्थन हो जाएगा। बहुमत हासिल करने के लिए अभी भी पांच और विधायकों की जरूरत है। टीवीके वीसीके, वामपंथी दलों और अन्य छोटे दलों से संपर्क में है ताकि सरकार बनाने में कोई दिक्कत न आए।
सूत्र बताते हैं कि विजय बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश कर सकते हैं। संभावना है कि वे 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकें।
गणितीय चुनौती
विजय ने दो सीटों- चेन्नई की पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व से जीत हासिल की है। नियमों के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। यदि उन्होंने तिरुचिरापल्ली वाली सीट छोड़ी तो टीवीके की संख्या 107 रह जाएगी। इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर प्रभावी ताकत 106 तक गिर सकती है, जिससे गठबंधन को और समर्थन जुटाने की कोशिश करनी पड़ेगी।