रॉयल एनफील्ड की ओर से आयोजित बाइक रैली को पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने अपने कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली आईएसबीटी तक निकाली गई, जिसमें देशभर से आए लगभग 100 बाइकर्स ने भाग लिया।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जनजागरूकता फैलाना था। रैली में शामिल राइडर्स निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए आईएसबीटी पहुंचे और पूरे रास्ते लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश देते रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए रॉयल एनफील्ड राइडर्स और बाइकिंग समुदाय के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजन राइडिंग कम्युनिटी में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षित मोटरसाइक्लिंग और सड़क सुरक्षा की जागरूकता फैलाने में मदद करते हैं।`
राइडर्स ने दी अपील
पुणे से रैली में शामिल हुए एरॉन डक्रूज ने कहा, “मैं इस राइड के लिए पुणे से यहां आया हूं। हमारा प्रयास है कि सभी वाहन चालक सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हों। हर किसी से अपील है कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।”
भोपाल के सैफ खान ने बताया कि उन्होंने रैली के माध्यम से ट्रैफिक जागरूकता का संदेश फैलाया। उन्होंने बताया, “हमारा राइडर्स ग्रुप भोपाल में सक्रिय है और इसमें 200 से ज्यादा सदस्य जुड़े हुए हैं। हमारा एकमात्र लक्ष्य ‘सेफ राइड, सेफ लाइफ’ का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। ”रैली का समापन आईएसबीटी पर हुआ, जहां सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित सवारी पर जोर देते हुए कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।