कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शनिवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक संबंध अब युद्ध जैसी स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए नए टैरिफ को कनाडा पर सीधा हमला बताया और अमेरिकी उत्पादों पर बराबर की जवाबी शुल्क लगाने का फैसला सुनाया।
कार्नी ने संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “जब किसी देश पर हमला होता है तो वह युद्ध में होता है। हम पर हमला किया गया है।” उन्होंने इस कदम को अच्छा विकल्प नहीं बताया और दोनों देशों के बीच व्यापक समझौते की इच्छा जताई।
कनाडा की जवाबी कार्रवाई
कनाडा 8 सितंबर से अमेरिकी सामानों पर डॉलर-फॉर-डॉलर के आधार पर जवाबी टैरिफ लगाएगा। ये शुल्क मुख्य रूप से स्टील, डेयरी, घरेलू उपकरण, कृषि मशीनरी, पल्प एंड पेपर और इलेक्ट्रॉनिक्स पर लागू होंगे। सरकार जल्द ही इनकी पूरी सूची जारी करेगी।
कार्नी ने कहा कि यह फैसला मजबूरन लिया गया है क्योंकि इससे कनाडाई उपभोक्ताओं और व्यवसायों पर भी असर पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने देश के व्यापारिक संबंधों को अन्य देशों के साथ मजबूत करने पर जोर दिया।