भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात करीब तीन बजे दो बदमाशों ने गोलीबारी कर इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें अपराधी फायरिंग करते दिख रहे हैं। इस वारदात के बाद आसपास के निवासियों में डर छा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद फरियादी अजय बैरागी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज करने की बजाय उन्हें वापस भेज दिया। हालांकि, थाना प्रभारी पल्लवी पांडे ने इन आरोपों से इनकार किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोप बैरागढ़ चीचली निवासी जीतू यादव पर है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एफआईआर दर्ज करने में कोई लापरवाही नहीं बरती गई। फरियादी पक्ष थाने में मौजूद है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस वीडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटनास्थल पर कितने लोग मौजूद थे और विवाद की शुरुआत किस कारण हुई।