कटनी-जबलपुर के बीच चलती ट्रेन से गिरी 6 साल की बच्ची, मां के रोने पर यात्रियों ने चेन पुलिंग की

मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटनी से जबलपुर के बीच चल रही पवन एक्सप्रेस में सफर कर रही डेढ़ साल की बच्ची अचानक इमरजेंसी खिड़की से नीचे गिर गई। मां उस समय मोबाइल देखने में व्यस्त थीं। यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोक दी और बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।

ट्रेन कटनी स्टेशन छोड़ने के बाद करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ चुकी थी। मुजफ्फरपुर निवासी 26 वर्षीय संजीदा खातून अपनी छोटी बेटी के साथ मुंबई जा रही थीं। उनके पति मुंबई में काम करते हैं। वह लोअर बर्थ पर बच्ची को बगल में सुलाकर खुद मोबाइल पर ध्यान दे रही थीं।

इसी बीच बच्ची जाग गई और खेलते-खेलते इमरजेंसी खिड़की के पास पहुंच गई। उसने खिड़की की रॉड पकड़कर खड़े होने की कोशिश की। तभी ट्रेन में झटका लगा और बच्ची खिड़की से बाहर निकलकर करीब आठ फीट नीचे नुकीली पटरियों के पास गिर पड़ी। यात्रियों के अनुसार इमरजेंसी खिड़की में सामान्य खिड़की जितनी रॉड नहीं लगी थीं, जिससे जगह खुली रह गई थी।

बच्ची अचानक गायब हो जाने पर मां घबरा गईं और रोने लगीं। आसपास बैठे यात्रियों ने तुरंत अंदाजा लगा लिया कि बच्ची ट्रेन से गिर गई होगी। कोच में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत अलार्म चेन खींच दी। ट्रेन रुकते ही कई यात्री नीचे उतरे और ट्रैक पर दौड़कर बच्ची को खोज निकाला। बच्ची के सिर, पीठ और हाथ-पैर में चोटें आई थीं तथा खून भी बह रहा था, लेकिन वह जीवित थी। कई लोगों ने इसे चमत्कार करार दिया।

जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल और स्टेशन कर्मचारियों ने बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मां ने बताया कि जबलपुर में उनका कोई परिचित नहीं है और वे आगे का इलाज मुंबई में कराना चाहती हैं। रेलवे प्रशासन ने मां-बेटी को दूसरी ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना कर दिया।