‘ज्ञानू को भेजो जेल’ के नारे के साथ पटना सड़कों पर उतरा गुस्सा, पुलिस-छात्र भिड़ंत

मंगलवार को राजधानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) और अन्य युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान से लोक भवन की ओर मार्च निकाला।

पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला की दिशा में बढ़ने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और तनावपूर्ण स्थिति बनी।

पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए युवाओं को ले जाने के लिए लाई गई पुलिस वैन की चाबी एक प्रदर्शनकारी ने निकाल ली और वहां से भाग गया। इसके बाद पुलिस को दूसरी बस की व्यवस्था करनी पड़ी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने कुछ छात्राओं को खींचकर वाहनों में बैठाया।

छात्रों ने “वोट चोर-गद्दी छोड़” और “ज्ञानू को भेजो जेल” जैसे नारे लगाए। उनकी मुख्य मांगें एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की थीं। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।