MP में प्रशासनिक भूचाल: 4 IAS के तबादले, भोपाल निगम को मिला नया कमिश्नर

मध्य प्रदेश सरकार ने रविवार रात चार आईएएस अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव करते हुए आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में भोपाल और जबलपुर नगर निगम के आयुक्त पद भी बदले गए हैं।

संस्कृति जैन, जो भोपाल नगर निगम की आयुक्त थीं और मेट्रो रेल कंपनी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं, को वित्त विभाग में उप सचिव बनाकर मंत्रालय भेज दिया गया है। इसी तरह अंजू अरुण कुमार, जो स्मार्ट सिटी भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी और निगम की अपर आयुक्त थीं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की नई जिम्मेदारी दी गई है।

जबलपुर नगर निगम के आयुक्त रहे 2018 बैच के रामप्रकाश अहिरवार को अब भोपाल नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जबलपुर निगम की कमान 2020 बैच के अग्रिम कुमार को सौंपी गई है, जो इससे पहले छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में कार्यरत थे।