कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को पहली बार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना आधिकारिक अकाउंट खोला। उन्होंने अपनी पहली पोस्ट में आगामी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का एक छोटा वीडियो शेयर किया।
वीडियो में सोनिया गांधी को नई दिल्ली स्थित अपने ऑफिस में किताब की पहली कॉपी मिलते हुए देखा जा सकता है। वे किताब के पन्ने पलटती हैं और बच्चों की पुरानी तस्वीरों पर रुकती हैं। उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौके पर मौजूद थीं। दोनों एक-दूसरे को मिठाई खिलाते और गले मिलते दिखे। सोनिया गांधी प्रियंका से कहती नजर आईं कि किताब में काफी तस्वीरें हैं।
पोस्ट में उन्होंने लिखा कि वे इस पल को सबके साथ साझा करते हुए आभारी हैं। उन्होंने किताब को प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपना स्थान खोजने की कहानी बताया। साथ ही कहा कि वे इसे पाठकों के साथ साझा करने के लिए उत्सुक हैं।
यह 544 पन्नों की संस्मरण 10 नवंबर को बाजार में आएगी। भारत में इसे हार्परकॉलिन्स इंडिया प्रकाशित कर रहा है, जबकि विदेश में अल्फ्रेड ए. नॉफ से रिलीज होगी। इससे पहले पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया के साथ पांडुलिपि को लेकर मतभेद हो गए थे, जिसके बाद हार्परकॉलिन्स ने प्रकाशन के अधिकार हासिल किए।
किताब में सोनिया गांधी के इटली में बिताए बचपन से लेकर कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात, भारत आने, परिवार की त्रासदियों और राजनीतिक सफर का जिक्र है। यह उनके निजी और राजनीतिक जीवन को जोड़कर लिखी गई है।