दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ आज फिर प्रदर्शन हुआ। बंगला साहिब गुरुद्वारे के आसपास जमा हुए प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और जोर-जोर से नारे लगाए। वे चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकालने की तैयारी में हैं।
‘पीपल अगेंस्ट SIR’ नाम के गठबंधन ने इस प्रदर्शन का आह्वान किया था। दोपहर एक बजे के आसपास गुरुद्वारे, गोल डाकखाना और गोल मार्केट इलाके में लोग जुटे। वहां से निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर बढ़ने का कार्यक्रम तय किया गया। आयोजकों का कहना है कि अगर पुलिस रास्ता रोकती है तो उसी जगह जन संसद का आयोजन कर राष्ट्रगान गाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों से राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल होने की अपील की गई है।
इस मुहिम में छात्र संगठन, किसान समूह (जिनमें संयुक्त किसान मोर्चा शामिल है), नागरिक समाज के लोग, वकील और अन्य कार्यकर्ता शामिल होने वाले हैं। प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव, राकेश टिकैत जैसे नामों के आने की संभावना जताई जा रही है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें हैं, SIR प्रक्रिया को पूरी तरह बंद करना, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, हटाए गए मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करना और बैलेट पेपर से चुनाव कराना।
दिल्ली पुलिस ने पहले से सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं। इलाके में बैरिकेडिंग की गई है और दोपहर एक से शाम पांच बजे तक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। प्रदर्शन के लिए पुलिस अनुमति नहीं दी गई थी। कई क्षेत्रों में पहले से ही जमावड़े पर पाबंदी लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी है।