भारतीय रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी में, वेटिंग टिकट कैंसिल पर नहीं कटेगा क्लर्केज चार्ज

ticket cancellation

Railway waiting Ticket Cancellation: भारतीय रेलवे यात्रियों को एक बड़ी राहत देने की तैयारी कर रहा है। वेटिंग टिकट कैंसिल करने पर यात्रियों से जो क्लर्केज फीस ली जाती थी, उसे पूरी तरह हटाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। अभी तक टिकट कैंसिल करने पर प्रति यात्री 30 से 60 रुपए तक की कटौती होती थी, जिसे रेलवे खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

यात्रियों ने की थी शिकायत

अब तक IRCTC के ऑनलाइन पोर्टल पर वेटिंग टिकट कैंसिल करने पर स्लीपर क्लास में 60 रुपए और एसी क्लास में इससे अधिक राशि की कटौती होती थी। यह शुल्क यात्रियों को लंबे समय से परेशान कर रहा था। बीते साल सोशल मीडिया पर यात्रियों ने इस कटौती के खिलाफ काफी शिकायतें की थीं, जिसके चलते यह मामला रेलवे मंत्रालय तक पहुंचा।

एक छोटी रकम कटना तय

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, “फिलहाल यह प्रस्ताव मंत्रालय में विचाराधीन है। अगर स्वीकृति मिलती है तो यात्रियों को वेटिंग टिकट कैंसिल करने पर लगभग पूरी रकम वापस मिल सकेगी। हालांकि, रिफंड प्रक्रिया में एक छोटा तकनीकी शुल्क बरकरार रह सकता है।”

रेलवे को मिलती है बड़ी कमाई

जानकारी के मुताबिक, रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन से वर्ष 2023 में करीब 6,000 करोड़ रुपए की कमाई की। यह जानकारी एक आरटीआई के जवाब में सामने आई थी। इसी वर्ष रेलवे की कुल कमाई 2.7 लाख करोड़ रुपए रही थी, जिसमें यात्री और माल ढुलाई से अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। यात्री संख्या में 6 फीसदी की वृद्धि और माल ढुलाई से 735 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कमाई हुई थी।

यात्रियों को मिलेगा फायदा

रेलवे के इस प्रस्ताव से उन यात्रियों को खास फायदा होगा, जो अक्सर टिकट कैंसिल करते हैं या वेटिंग लिस्ट में रह जाते हैं। यदि यह नीति लागू होती है, तो रिफंड प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और यात्रियों के लिए अधिक अनुकूल हो जाएगी।

हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही मंत्रालय की ओर से सकारात्मक कदम उठाया जाएगा। इससे रेलवे की छवि को सुधारने और यात्रियों की संतुष्टि बढ़ाने में मदद मिलेगी।