ऑनलाइन शेयर मार्केट के नाम पर ठगी, MBBS छात्र से 6.18 लाख रुपए हड़पे

भिलाई (दुर्ग): ऑनलाइन निवेश का लालच देकर ठगों ने एक एमबीबीएस छात्र से 6 लाख 18 हजार रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने पहले छोटे-छोटे मुनाफे लौटाकर छात्र का भरोसा जीता, फिर बड़ी रकम लगवाकर उसका खाता ब्लॉक कर दिया। मामला स्मृति नगर चौकी का है। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा और शुरू हुआ खेल

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्र अमृत साव (24), निवासी सुपेला कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। करीब 4-5 महीने पहले रायपुर के मरीन ड्राइव इलाके में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। उसी युवक ने छात्र को टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ते हुए बताया कि यहां 50% तक मुनाफा मिलता है।

17 सितंबर को अज्ञात नंबर से कॉल कर आरोपी ने छात्र को इन्वेस्ट करने के लिए उकसाया। उसे एक लॉगिन आईडी दी गई और निवेश का तरीका बताया गया।

छोटे मुनाफे हुआ भरोसा

पहली बार छात्र ने 100 रुपए लगाए, तो 150 रुपए मिले। इसके बाद उसने 4,000 रुपए इन्वेस्ट किए, तो 5,920 रुपए लौटाए गए। धीरे-धीरे उसका भरोसा बढ़ा और उसने बड़ी रकम लगाना शुरू कर दिया।

कुछ ही हफ्तों में छात्र ने अलग-अलग किस्तों में 6,18,340 रुपए जमा कर दिए। लेकिन जब उसने रिटर्न निकालने की कोशिश की तो उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित ने शिकायत स्मृति नगर पुलिस को दी। पुलिस ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का ब्यौरा जुटाकर केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि ठग पहले मामूली रकम पर मुनाफा देकर विश्वास जीतते हैं, फिर पीड़ितों से लाखों ऐंठकर फरार हो जाते हैं।

संदिग्ध कॉल, टेलीग्राम ग्रुप या अनजान ऐप्स पर भरोसा न करें। किसी भी इन्वेस्टमेंट स्कीम में पैसा लगाने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच करें। इस तरह के लिंक और आईडी के जरिए अक्सर लोगों की मेहनत की कमाई मिनटों में गायब हो जाती है।