एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राजस्थान के बांसवाड़ा दौरे पर है। वागड़ की धरती से प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के 21 जिलों को विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 12 बड़ी योजनाओं की सौगात देंगे।
बता दें कि इसमें स्वास्थ्य, सड़क, ऊर्जा, जल, कृषि, रोजगार, तकनीक और अन्य योजनाएं शामिल हैं। इनमें सबसे प्रमुख बांसवाड़ा जिले में माही-बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना है, जिसकी लागत लगभग 42,000 करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री मोदी इस परियोजना की आधारशिला रखेंगे। रावतभाटा के बाद यह राजस्थान की दूसरी परमाणु ऊर्जा परियोजना है। प्रधानमंत्री मोदी 15 जिलों में 5,884 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 15 पेयजल परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
पीएम का 16वा राजस्थान दौरा
केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी का यह राजस्थान का 16वां दौरा है। बांसवाड़ा ज़िले में प्रधानमंत्री मोदी ₹1.22 लाख करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें से ₹1.08 लाख करोड़ राजस्थान से जुड़ी परियोजनाओं के लिए होंगे।
शेष परियोजनाएँ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और अन्य राज्यों में हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में कुसुम योजना के लाभार्थियों से बातचीत भी करेंगे। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी भी मौजूद रहेंगे।
2 वंदे भारत दिखाएंगे हरी झंडी
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, और उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।15 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र 5778 पशु परिचरों, 1800 कनिष्ठ अनुदेशकों, 4197 कनिष्ठ सहायकों, 1464 कनिष्ठ अभियंताओं, तृतीय श्रेणी लेवल-2 के 1200 अध्यापकों, अन्य पदों और साथ ही अनुकंपात्मक नियुक्ति सहित 15 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।